उज्जैन

युवती को शादी का झांसा देकर बंधक बनाकर किया दुष्कर्म

Publish Date: | Sat, 14 May 2022 01:11 AM (IST)

उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपित ने युवती को इंदौर में एक फ्लैट में 15 दिन बंधक भी बनाकर रखा था। माधवनगर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मक्सी रोड पंवासा निवासी युवती कोठी स्थित एक कार्यालय में काम करती है। युवती मूल रूप से इंदौर की रहने वाली है तथा उसके पिता वहां चौकीदारी का काम करते हैं। युवती वर्ष 2021 से उज्जैन में रहकर नौकरी कर रही है। इंदौर में रहने के दौरान युवती का परिचय अकबर नामक युवक से होस्टल की कंस्ट्रक्शन साइड पर हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच मेलजोल बढ़ गया था। अकबर ने युवती को शादी करने का झांसा दिया था।

23 अप्रैल को अकबर उज्जैन आया था। यहां वह युवती को उसके कार्यालय के बाहर मिला था। इसके बाद वह युवती को शादी करने का झांसा देकर अपने साथ इंदौर में ओमेक्स सिटी में एक फ्लैट में ले गया था। वहां उसने युवती को 15 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान युवती के भाई ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। बुधवार को युवती वहां से भागकर उज्जैन आ गई थी। मामले को लेकर पुुलिस को शिकायत की गई थी। पुलिस ने गुरुवार रात को आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया है। माधव नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि युवती अकबर को पहले से जानती थी। अकबर ने धर्म नहीं छुपाया था। आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

कंट्रोल दुकान संचालक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। गोलामंडी में कंट्रोल दुकान संचालित करने वाले युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मामले में खाराकुआं पुलिस ने मर्ग कायम किया है। जांच के लिए एफएसएल अधिकारी डा. प्रीति गायकवाड़ को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस ने बताया कि गुरु बृहस्पति प्राथमिक साख सहकारी संस्था के संचालक कमलेश उर्फ कन्नाू कोठारी उम्र 40 वर्ष निवासी गोलामंडी की दुकान घर के नीचे ही है। शुक्रवार सुबह कोठारी की भाभी दुकान में पहुंची तो शव फंदे से लटका देखकर शोर मचाया। इस पर स्वजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्वजन ने पुलिस को बताया कि कोठारी सुबह की सैर पर निकला था, इसके बाद घर लौटा और दुकान में चला गया था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर भाभी उसे बुलाने के लिए दुकान में गई तो वह फंदे पर लटका मिला। मामले की जांच के लिए पुलिस ने एफएसएल अधिकारी डा. गायकवाड़ को भी बुलाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है।

Posted By: Nai Dunia News Network

NaiDunia Local

 


Source link

Related Articles

Back to top button