आज 11.11.11 बजे उज्जैन सहित 21 देशों में एक साथ होगा ओम का नाद

Publish Date: | Sat, 14 May 2022 01:15 AM (IST)
उज्जैन (नईदुनिया प्रतिनिधि)। विश्व शांति व ग्लोबल वार्मिंग रोकने के उद्देश्य से नृसिंह जयंती पर शनिवार को नृसिंह घाट के समीप स्थित सिद्धाश्रम में अंतरराष्ट्रीय महानाद योग का आयोजन होगा। उज्जैन सहित विश्व के 21 से अधिक देशों में सुबह 11 बजकर 11 मिनट 11 सेकंड पर महानाद के रूप में एक साथ ओम का उच्चारण किया जाएगा।
सिद्धाश्रम के शक्तिपात आचार्य महामंडलेश्वर डा.स्वामी नारदानंदजी के सानिध्य में होने वाले अंतरराष्ट्रीय महानाद योग में भारत, अमेरिका, यूरोप, ब्राजील, बाली, वेनेजुएला, चेक रिपब्लिक सहित 21 देश के नागरिक वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। सुबह 11 बजकर 11 मिनट 11 सेकंड पर आयोजित महानाद में 11 बार ओमकार का उच्चारण किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय होंगे। विशिष्ट अतिथि शासकीय जीवाजी वेधशाला उज्जैन के अधीक्षक डा.राजेंद्र प्रसाद गुप्त भारतीय समय गणना पर व्याख्यान देंगे। पं.विजय रावल एवं योग गुरु सुधा शर्मा मंत्र चिकित्सा अनुसंधान एवं योग पर व्याख्यान देंगे। कार्यक्रम संयोजक विजय कौशिक ने बताया यह आयोजन का सातवां वर्ष है। इस बार यह कार्यक्रम रूस व यूक्रेन युद्ध में शांति तथा ग्लोबल वार्मिंग को रोकने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अभियान
नागदा जंक्शन। ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र की राशन की दुकानों पर कैंप का आयोजन होगा, जिसके लिए ग्राम सचिव और जीआरएस को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसडीएम आशुतोष गोस्वामी एवं बीएमओ डा. कमल सोलंकी ने बताया कि 12 मई तक नागदा-खाचरौद ब्लाक में 352 व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जिसमें पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी।
Posted By: Nai Dunia News Network
Source link